किसान नेता मनवीर सिंह तेवतिया दिल्ली में गिरफ्तार

यूपी पुलिस तेवतिया को शाम तीन बजे के आस-पास नोएडा ले आयेगी। हम आपको बता दें कि भट्ठा परसौल में अप्रैल माह में हिंसा भड़कने के कारण कई घर जलकर राख हो गये थे, जिसमें दो पुलिसकर्मियों समेत आधा दर्जन लोगों की मौत हुई थी। पुलिस और किसानों के बीच हुए संघर्ष में भारी नुकसान हुआ था। तेवतिया की अगुवाई में शुरू हुए इस आंदोलन की आग देखते ही देखते राजनीतिक मुद्दा बन गई और मुख्यमंत्री मायावती ने किसान नेता को मोस्ट वॉन्टेड घोषित कर उस पर 50 हजार रुपए का ईनाम रख दिया।
यही नहीं तेवतिया को पकड़ने के लिए यूपी पुलिस ने स्पेशल टास्क फोर्स का गठन किया और 100 से ज्यादा ठिकानों पर दबिश डाली। शनिवार की दोपहर आखिरकार पुलिस को सफलता मिल ही गई। तेवतिया को सोमवार को कोर्ट में पेश किया जायेगा।
खास बात यह है कि तेवतिया को मोस्ट वॉन्टेड घोषित किये जाने के बाद से कांग्रेस ने इसे राजनीतिक मुद्दा बना लिया था। अलीगढ़ में चल रही महापंचायत में तेवतिया की पत्नी सुमन को भाषण के लिए आमंत्रित किया गया था। इस गिरफ्तारी के बाद से कांग्रेस-बसपा के राजनीतिक समीकरण उलटते नजर आ रहे हैं। पढ़ें- उत्तर प्रदेश की बड़ी खबरें।












Click it and Unblock the Notifications