कैबिनेट में 8 जुलाई तक फेरबदल संभव
प्रधानमंत्री ने कुछ समय पहले स्वयं संकेत दिया था कि यह कसरत अधिक व्यापक होगी, लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं है कि इससे चार प्रमुख मंत्रालय वित्त, गृह, रक्षा और विदेश भी प्रभावित होंगे या नहीं। एसएम कृष्णा के विदेश मंत्री बने रहने के बारे में कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। उधर, कपिल सिब्बल जैसे मंत्री एक से अधिक मंत्रालय देख रहे हैं।
2जी स्पेक्ट्रम के चलते ए. राजा के हटने और पृथ्वीराज चव्हाण के महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनने से भी कुछ मंत्री पद रिक्त हैं। ऐसी चर्चाएं हैं कि इस मौके का लाभ उठा कर द्रमुक आरोपों से घिरे हुए अपने नेता और कपड़ा मंत्री दयानिधि मारन को मंत्रिमंडल से हटवाने का फैसला कर सकती है। अगले साल उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए राज्य के बेनी प्रसाद वर्मा को कैबिनेट रैंक मिल सकता है। अभी वह राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हैं। वह संयुक्त मोर्चा सरकार में कैबिनेट मंत्री थे।