स्पीक एशिया के चक्कर में कर्ज में डूबे सलमान खान

अब तक आप समझ गये होंगे कि ये सलमान खान बॉलीवुड के स्टार नहीं बल्कि अमीनाबाद में मुहर की दुकान चलाने वाले एक साधारण से नागरिक हैं। अब सोचिये सलमान कर्ज में कैसे डूबे? स्पीक एशिया से पहले तीन महीने 3899 रुपए का चेक देख सलमान से रहा नहीं गया। अगले महीने उन्होंने दो आईडी खरीद ली और पैसा तीन गुना हो गया। घर में फ्री का पैसा आते देख सभी की खुशियां भी कई गुना बढ़ चुकी थीं।
जून की तीन तारीख को सलमान ने चार और आईडी खरीद ली। ये चारों अपने बेटे, भाई, भाभी और चाचा के नाम से ली। इसके लिए उन्होंने 50 हजार रुपए उधार ले लिया। लेकिन अचानक खबर आयी कि स्पीक एशिया के दफ्तरों पर छापे पड़ रहे हैं। सलमान की नींदें उड़ गईं। तीन दिन पहले जब खबर मिली कि स्पीक एशिया के सभी अकाउंट फ्रीज़ कर दिये गये हैं। तब तो सलमान के पैरों तले जमीन खिसक गई। साधारण सी दुकान से महीने के सात हजार तक कमाने वाले सलमान के लिए कर्ज की रकम काफी बड़ी है।
सच पूछिए तो सलमान खान ऐसे अकेले व्यक्ति नहीं हैं। उनके जैसे लखनऊ, कानपुर से लेकर भोपाल, इंदौर तक हजारों सलमान हैं। किसी ने दोस्त से पैस उधार लिये हैं, तो किसी ने फीस का पैसा स्पीक एशिया में लगा दिया है। लखनऊ के अभिन्न सिंह के घर पर तो तनाव और भी ज्यादा बढ़ा हुआ है। एलएलबी के छात्र अभिन्न ने 55 हजार और उसके भाई अखिल सिंह ने 66 हजार रुपए स्पीक एशिया में डाल दिया है। यानी एक घर से एक लाख रुपए। अब दोनों इस बात को लेकर परेशान हैं, कि पैसा कहां से आयेगा।
कुल मिलाकर देश भर में 20 लाख लोगों के 2000 करोड़ रुपए स्पीक एशिया में फंसे हुए हैं। मीडिया में तमाम नकारात्मक खबरों के बावजूद स्पीक एशिया के निवेशकों में उम्मीदें अभी भी बरकरार है। आज भी हर बुधवार लाखों लोग इंटरनेट पर आने वाले सर्वे करके भेज रहे हैं।
यहां दिये गये उदाहरण यह नहीं कह रहे हैं कि स्पीक एशिया में लगा पैसा कभी वापस नहीं मिलेगा, लेकिन पैसा इतनी आसानी से अब वापस नहीं मिलने वाला। निवेशकों का पैसा तब तक वापस नहीं आ सकता जब तक केंद्र सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठाता। रिजर्व बैंक और आयकर विभाग की कार्रवाईयां सिर्फ यह तय कर सकती हैं कि कंपनी जेन्युइन है या नहीं।












Click it and Unblock the Notifications