सहारनपुर में नरसंहार पर विपक्ष ने यूपी सरकार को घेरा

सहारनपुर में सर्राफा व्यवसायी रमेश सहगल के घर में कुछ बदमाशों ने घुसकर जमकर लूटपाट की। बदमाशों ने रमेश सहगल, उनके पुत्र प्रदीप सहगल बहु प्रीती सहगल, दो बच्चों बासु सहगल (15) और कृष्णा सहगल (10) को मार डाला। यह घटना गुरुवार की रात हुई। मामले का जायजा लेने प्रमुख सचिव गृह कुंवर फतेहबहादुर और विशेष पुलिस महानिदेशक बृजलाल ने शुक्रवार को सहारनपुर का दौरा किया और अधिकारियों को निलंबित कर दिया।
मायावती को घेरने निकले विपक्षी दल
राज्य में हो रही लूट और हत्या की घटनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए विपक्ष दल भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि मायावती सरकार के इस कार्यकाल में अपराधियों की पौ बारह है। भारतीय जनता पार्टी ने सहारनपुर में हुई घटना की निन्दा करते हुए कहा कि राज्य सरकार कानून व्यवस्था बनाये रखने में असफल साबित हुई है। पार्टी चार सदस्यों की एक टीम सहारनपुर भेजेगी जो पीडि़त परिवार से मिलकर स्थिति का जायजा लेगी।
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक का कहना है कि सहारनपुर जाने वालों में विधायक और प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेन्द्र ङ्क्षसह सिरोही, पूर्व मंत्री लक्ष्मीकांत बाजपेयी, विधायक रामलखन पाल तथा विधायक और पश्चिमी क्षेत्र के अध्यक्ष सत्यप्रकाश अग्रवाल शामिल हैं। श्री पाठक ने कहा कि पुलिस अपराधियों पर शिंकजा कसने की बजाय राजनीतिक लोगों के दमन में व्यस्त है। उनका कहना है कि सरकार ने पुलिस अधिकारियों पर जो कार्रवाई की वह जनता के दबाव में की है। उनका कहना है कि आखिर ऐसा क्या कारण है कि एलआईयू (स्थानीय अभिसूचना इकाई) हर मौके पर फेल हो जाती है। श्री पाठक ने आरोप लगाया कि ऐसा प्रतीत होता है कि एलआईयू को विपक्षी नेताओं की गुप्तचरी में लगा दिया गया है।
राज्य में प्रमुख विपक्षी दल समाजवादी पार्टी की महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष लीलावती कुशवाहा ने मामले में कहा कि सरकार की प्राथमिकताएं ही बदल चुकी है। श्रीमती कुशवाहा ने कहा कि सहारनपुर की घटना की जितनी निन्दा की जाये कम है। कांग्रेस ने सहारनपुर घटना के लिए पुलिस की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद जगदम्बिका पाल ने कहा कि विशिष्ट क्षेत्र में हुई इस घटना के लिए सिर्फ पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई कर देने से काम नहीं चलेगा अपराधियों के खिलाफ अभियान चलना होगा।












Click it and Unblock the Notifications