किसने मारा ओसामा बिन लादेन को

किसने मारा ओसामा बिन लादेन को

हफ़ीज़ चाचड़

बीबीसी हिंदी संवाददाता, ऐबटाबाद से

पाकिस्तान के ऐबटाबाद शहर में हुए अमरीकी सेना के अभियान में मारे गए चरमपंथी गुट अल क़ायदा के प्रमुख ओसामा बिन लादेन की ख़बर को पाकिस्तान के सभी अख़बारों ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है. सभी समाचार पत्रों ने ओसामा बिन लादेन की उस तस्वीर को भी पहले पन्ने पर जगह दी है जो कहा जा रहा है उनके मरने के बाद जारी की गई है.

अंग्रेज़ी अख़बार 'द न्यूज़" ने लिखा है, 'Obama gets Osama". अख़बार ने लिखा है कि अमरीकी सेना ने दुनिया के सबसे ख़तरनाक व्यक्ति को ऐबटाबाद में मार दिया और उसके शव को समुद्र में डाल दिया गया. अख़बार ने लिखा है कि अमरीका ने एक पार्सल के ज़रिए ओसामा बिन लादेन को तलाश किया जिसमें पाकिस्तान की ख़ुफ़िया एजेंसियों की भी मदद थी.

अंग्रेज़ी के अख़बार 'डेली डॉन" ने इस ख़बर को प्रमुखता से छापा है और लिखा है कि क्या ओसामा बिन लादेन को अमरीकी सैनियों ने मारा या उनके अपने सुरक्षागार्ड ने? अख़बार ने अधिकारियों के हवाले से लिखा है कि अमरीकी सेना की हिरासत से बचाने के लिए ओसामा बिन लादेन के सुरक्षागार्ड ने उनको गोली मार कर हत्या कर दी.

उर्दू के अख़बार 'रोज़नामा एक्सप्रेस" का शीर्षक है- अमरीका ने ओसामा बिन लादेन को मार कर शव समुद्र में बहा दी. अख़बार लिखता है कि ऐबाटाबाद में अमरीकी सेना ने हेलिकॉप्टरों की मदद से कमांडो ऐक्शन किया और ओसामा को मार दिया. अख़बार ने अमरीका के राष्ट्रपति बाराक ओबामा के उस बयान को भी पहले पन्ने पर प्रकाशित किया है जिसमें उन्होंने ओसामा बिन लादेन की हत्या की पुष्टि की.

एक्सप्रेस के मुताबिक़ ओबामा ने कहा कि पाकिस्तान सेना की मदद से परिसर में प्रवेश किया गया और ओसामा को मार दिया गया. इससे अब दुनिया सुरक्षित हो गई है. उर्दू के अख़बार 'रोज़नामा जंग" ने लिखा है कि ऐबटाबाद के इलाक़े बिलाल टाऊन में अभियान 35 से 40 मिनट तक जारी रहा जिसमें ओसामा बिन लादेन, उनका बेटा और तीन साथी मारे गए. ओसामा बिन लादेन की हत्या पर अख़बार ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय की प्रतिक्रिया को भी पहले पन्ने पर प्रकाशित किया है.

अख़बार के अनुसार विभिन्न देशों ने कहा है कि ओसामा बिन लादेन की हत्या आतंकवाद के ख़िलाफ़ बड़ी सफलता है. रोज़नामा जंग ने भारत के गृहमंत्री पी चिदंबरम के बयान को भी प्रमुखता से छापा है जिसमें उन्होंने कहा है कि ओसामा बिन लादेन की हत्या से पता चला कि पाकिस्तान आतंकवादियों का ठिकाना है. उर्दू अख़बार 'नवाए वक़्त" ने भी ओसामा बिन लादेन की ख़बर को अपनी बड़ी ख़बर बनाया है. अख़बार ने उस घर के बारे में जानकारी दी है जिसमें ओसामा बिन लादेन को मारा गया.

अख़बार लिखता है कि वह घर दक्षिण वज़ीरिस्तान के निवासी इरशाद का था और उन्होंने करीब 10 साल पहले बिलाल टाऊन में जगह ख़रीदी थी और यह घर बनाया था. अख़बार ने ओसामा बिन लादेन की हत्या पर तालिबान विद्रोहियों और अल क़ायदा के बयान को छापा है जिसमें कहा गया है कि वो ओसामा बिन लादेन की हत्या का बदला लेंगे.

रोज़नामा असास ने अमरीका के राष्ट्रपति ओबामा के बयान को प्रमुखता से प्रकाशित किया जिसमें उन्होंने कहा कि ओसामा बिन लादेन की हत्या से साबित हो गया कि अमरीका जो चाहता है वह कर दिखाता है. अख़बार ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ़ रज़ा गिलानी के बयान को भी छापा है जिसमें उन्होंने कहा कि ओसामा बिन लादेन की हत्या ऐतिहासिक कामयाबी है और इस अभियान में पाकिस्तानी ख़ुफ़िया एजेंसियों का सहयोग शामिल है.

अधिकतर अख़बारों ने इस ख़बर पर संपादकीय भी लिखे हैं और इंटरनेट पर जारी की गई ओसामा बिन लादेन की कथित तस्वीर को भी छापा है.

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+