दिल्ली हाई कोर्ट की फटकार के बाद भी हड़ताल पर डटे हैं पायलट
नई दिल्ली। पिछले एक हफ्ते से हड़ताल पर गए एयर इंडिया के 700 पायलटों ने काम पर वापस ना लौटने का फैसला किया है। गौरतलब है कि एयर इंडिया के पायलटों का हड़ताल को नाजायज करार देते हुए आज दिल्ली हाई कोर्ट ने आदेश दिया था कि 'हड़ताल अब एक दिन भी और जारी नहीं रहनी चाहिए।'
एयर इँडिया की पायलटों की हड़ताल आज छटे दिन भी जारी रहने के कारण यात्रियों का हाल बेहाल है। पायलट अदालत के आदेश के बावजूद हड़ताल पर डटे हुए हैं। मंगलवार से हड़ताल पर गए पायलटों के खिलाफ अवमानना की कार्यवाही शुरू किए जाने की याचिका पर आज हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा, 'ये हड़ताल अब एक दिन भी और नहीं चलनी चाहिए। हम मैनेजमेंट को आपकी मांगों पर विचार करने के लिए कहेंगे।'
पायलटों के हड़ताल पर चले जाने के कारण यात्रियों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। हड़ताल के कारण एयर इंडिया की 90 प्रतिशत घरेलू और 10 प्रतिशत अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हैं। कोर्ट ने पिछले हफ्ते भी हड़ताली पायलटों को काम पर वापस लौटने का आदेश दिया था। उल्लेखनीय है कि हड़ताली पायलट, एयर इंडिया में अपने समकक्ष पायलटों के बराबर वेतन की मांग कर रहे हैं।













Click it and Unblock the Notifications