परीक्षा देने जा रहे छात्र की सड़क दुर्घटना में मौत

उत्तर प्रदेश में एटा जिले के जैथरा क्षेत्र में सुबह एक सड़क हादसा हुआ। पुलिस के अनुसार बीएससी प्रथम वर्ष के छात्र गांव से एक टाटा सूमों वाहन में सवार होकर एटा में परीक्षा देने जा रहे थे। जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर एटा-फर्रूखाबाद मार्ग पर परोली के निकट एक मोटरसायकिल आ गयी। सूमों की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक वाहन को रोक नहीं सका। मोटरसायकिल सवार को बचाने के प्रयास में उनका वाहन अनियंत्रित हो गया। अनियंत्रित वाहन सड़क के किनारे लगे पेड़ से जा टकरा गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह से भीतर धंस गया तथा अगली सीट पर बैठा छात्र आलोक इंजन में जा फंसा। अन्य छात्र भी बुरी तहर जख्मी हुए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन के शीशे टूट गए तथा चालक भी एक ओर जा गिरा। दुर्घटना में चालक समेत सभी दस छात्र जख्मी हुए। लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी तथा घायलों को जिला चिकित्सालय में पहुंचाया गया। चिकित्सालय में इलाज के दौरान छात्र आलोक की मौत हो गयी जबकि दो अन्य की हालत गंभीर है।












Click it and Unblock the Notifications