असम में 62 सीटों के लिए मतदान शुरू

दूसरे चरण में बाकी 64 सीटों के लिए मतदान 11 अप्रैल को होगा. पहले चरण के मतदान के लिए चालीस हज़ार से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है. अतिरिक्त मुख्य चुनाव अधिकारी एमसी साहू का कहना है कि विभिन्न मतदान केंद्रों पर अर्धसैनिक बलों की 350 टुकड़ियों को तैनात किया गया है. इन बलों की मदद के लिए असम पुलिस की 96 कंपनियां भी लगाई गई हैं.
इन चुनावों में क़रीब 86 हज़ार पुरुष और 41 हज़ार से अधिक महिला मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे. इन मतदाताओं के िलए 11,264 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. इनमें से 2033 मतदान केंद्रों को अत्यंत संवेदनशील, 2,985 को संवेदनशील और 817 को संभावित खतरे वाला करार दिया गया है.
असम चुनावों से पहले उल्फा के परेश बरुआ समर्थिक समूह ने हिंसा की चेतावनी दी है जबकि कुछ स्थानों पर कार्बी चरमपंथियों ने भी चेतावनी दी है. राज्य में अधिकतर सीटों पर कांग्रेस, बीजेपी और असम गण परिषद के बीच तिकोना मुकाबला है. असम में पिछले कुछ दिनों में चुनाव प्रचार ने ज़ोर पकड़ा था और कई फ़िल्मी सितारे भी चुनाव प्रचार में लग गए हैं.












Click it and Unblock the Notifications