अमरीकी जनरल की माफ़ी काफ़ी नहीं: हामिद करज़ई

नागरिकों की मौत अमरीका और अफ़ग़ानिस्तान के बीच ख़राब होते रिश्तों का एक बड़ा कारण है. अफ़ग़ानिस्तान के राष्टपति हामिद करज़ई ने कहा है कि हवाई बमबारी में नौ बच्चों की मौत पर विदेशी सेना के कमांडर जनरल डेविड पेट्रियस का मांफ़ी मांग लेना काफ़ी नहीं है.
अफ़ग़ानिस्तान केंद्रीय मंत्रीमंडल की बैठक में बोलते हुए हामिद करज़ई ने कहा कि अफ़ग़ान लोगों की तरफ़ से वो चाहते हैं कि आम नागरिकों की हत्या को बंद किया जाए. इस बैठक में जनरल डेविड पेट्रियस भी मौजूद थे.
राष्ट्रपति हामिद करज़ई की तरफ़ से जारी बयान में कहा गया है कि जनरल डेविड पेट्रियस की माफ़ी नाकाफ़ी है. उन्होंने कहा कि अमरीका और अफ़ग़ानिस्तान के बीच संबंधों के ख़राब होने का एक बड़ा कारण आम नागरिकों की मौत है. बयान में कहा गया है कि लोग इन सबसे थक गए हैं और सिर्फ़ माफ़ी या निंदा से लोगों के ज़ख़म नहीं भर रहे है.
मंगलवार को नेटो के एक हवाई हमले में नौ बच्चों की मौत हो गई थी. बुधवार को जनरल डेविड पेट्रियस ने कहा था कि वो इस घटना के लिए दिल से माफ़ी मांगते हैं जिसमें नेटो के हेलीकॉप्टर ने जलावन चुन रहे बच्चों को चरमपंथी समझकर उनपर फ़ायरिंग कर दी थी. इस हमले में नौ बच्चों की मौत हो गई थी.
रविवार को सैंकड़ों लोगों ने उन बच्चों की मौत के विरोध में प्रदर्शन किया.रैली में शामिल लोगो ने नागरिकों की मौत के लिए नेटो और तालिबान दोनों की निंदा की. बीबीसी संवाददाता जील मैकगिवरिंग के अनुसार नागरिकों की मौत आम लोगों के ग़म वो ग़ुस्से की ख़ास वजह होती है. और ये अमरीका और अफ़ग़ान सरकार के बीच तनाव का भी एक बड़ा कारण होता है.
जील के मुताबिक़ अमरीका को लोगों के इस ग़ुस्से का पूरा अंदाज़ा है और वो नागरिकों पर हमले को रोकने के लिए कड़ी मेहनत कर रहा है, हालाकि नेटो का कहना है कि पिछले साल ज़्यादातर नागरिकों की मौत तालिबान के कारण हुई थी सुरक्षाबलों के कारण नहीं.












Click it and Unblock the Notifications