मरु महोत्सव में प्रतियोगिताओं ने किया मंत्रमुग्ध
जयपुर, 18 फरवरी (आईएएनएस)। राजस्थान के जैसलमेर में चल रहे मरु महोत्सव 2011 के दूसरे दिन गुरुवार को देदानसर मैदान में रेगिस्तानी जहाज ऊंटों के विभिन्न कार्यक्रम और पणिहारी मटका रेस सहित रस्साकसी प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रहीं।
महोत्सव में देश और विदेश की महिलाएं यहां की पणिहारी पेयजल संस्कृति से रूबरू हुईं। पणिहारी मटका रेस प्रतियोगिता में महिलाओं ने पानी से भरी हुई मटकी को सिर पर उठाया एवं दौड़ लगाई। प्रतियोगिता देखने के लिए विदेशी महिलाएं भी पहुंची थीं।
भारतीय एवं विदेशी पुरुषों तथा महिलाओं की रस्साकसी प्रतियोगिता भी बहुत रोचक रही। दोनों वर्ग की प्रतियोगिताओं में विदेशी सैलानियों ने बाजी मारी।
ऊंट श्रृंगार प्रतियोगिता में 5 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसमें होटल पैराडाइज के मीरेखां का ऊंट पतंग प्रथम, के.के. ट्रेवल्स के गिरधरराम का ऊंट द्वितीय तथा पैराडाइज के फतनखां का ऊंट जॉनी तृतीय स्थान पर रहा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications