काला धन : आडवाणी ने सोनिया से खेद जताया, कांग्रेस ने किया स्वागत (लीड-1)
सोनिया को बुधवार को लिखे पत्र में आडवाणी ने कहा है, "पिछली रात कोलकाता से लौटने पर मुझे 15 फरवरी को लिखा आपका पत्र मिला। मुझे इस बात की खुशी है कि काले धन के मामले में हमारी पार्टी के कार्य बल की रिपोर्ट में आप और आपके परिवार पर लगे आरोप का आपने खंडन किया है। यदि आपने यह खंडन पहले ही किया होता तो कार्य बल उस पर विचार करता। खर, जो भी हो..आपको जो दुख पहुंचा है, मुझे इसका गहरा खेद है।"
गौरतलब है कि भाजपा कार्य बल की इस रिपोर्ट के जवाब में सोनिया गांधी ने आडवाणी को पत्र लिखकर उन पर लगाए गए आरोपों का खंडन किया था और स्पष्ट किया था कि विदेशों में उनका या उनके परिवार का कोई खाता नहीं है।
इस सम्बंध में भाजपा प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "कार्य बल की रिपोर्ट पर सोनिया जी के स्पष्टीकरण के बाद आडवाणी जी ने आज (शुक्रवार) उन्हें पत्र लिखकर खेद जताया है।"
वहीं कांग्रेस ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से आडवाणी द्वारा माफी मांगे जाने का स्वागत किया। पार्टी ने हालांकि यह भी कहा कि माफी की बात उसने सिर्फ मीडिया में सुनी है।
कांग्रेस प्रवक्ता शकील अहमद ने संवाददताओं से कहा, "मेरे पास कोई पक्का सबूत नहीं है, मैंने यह बात सिर्फ मीडिया में देखी-सुनी है। यदि यह सच है तो स्वागत योग्य है।"
एक सवाल के जवाब में अहमद ने कहा, "जहां तक हमारी पार्टी और मेरी जानकारी का सवाल है, हमने ऐसी खबर मीडिया में देखी है और हमें इस बारे में कोई पक्की जानकारी नहीं है। यदि यह सच है तो यह निर्णय स्वागत योग्य है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications