विधानसभा चुनाव एक साथ लड़ेंगे डीएमके और पीएमके
डीएमके के अध्यक्ष और मुख्यमंत्री एम. करूणानिधि के आवास पर समझौते पर हस्ताक्षर हुए। पीएमके राज्यसभा की एक सीट पर भी चुनाव लड़ेगी।
बैठक के बाद करूणानिधि ने पत्रकारों को बताया, "मैं कुछ दिनों पहले दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिला था। उस समय निर्णय लिया गया कि डीएमके और कांग्रेस एक साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। इसी क्रम में शुक्रवार को डीएमके के नेतृत्ववाले मोर्चे में पीएमके को शामिल किया गया है।"
डीएमके के साथ चुनाव लड़ने पर उत्साहित पीएमके के संस्थापक नेता एस. रामदास ने कहा, "हमें 31 विधानसभा की सीटें और एक राज्यसभा की सीट दी गई है। डीएमके के नेतृत्ववाला गठबंधन शानदार जीत दर्ज करेगा।"
रामदास पार्टी के अध्यक्ष जी.के. मणि और अन्य नेताओं के साथ करूणानिधि से मिलने पहुंचे थे। यह पूछे जाने पर कि वर्ष 2006 के विधानसभा चुनावों में मिली सीटों के बराबर इस बार भी डीएमके द्वारा सीटें दिए जाने पर क्या वह खुश है।
इस पर मणि ने कहा, "एक चुनावी गठबंधन में प्रवेश करने पर लेन और देन की प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है।"
यह पूछे जाने पर कि क्या पार्टी इस बार भी उन्हीं निर्वाचन क्षेत्रों से अपने उम्मीदवार खड़ा करेगी जैसा कि उसने वर्ष 2006 में खड़ा किया था। उन्होंने कहा, "हमने निर्वाचन क्षेत्रों पर फैसला नहीं किया है। इस पर बाद में निर्णय किया जाएगा।"
ज्ञात हो कि वर्ष 2006 के विधानसभा चुनावों में पीएमके ने 18 सीटों पर जीद दर्ज की थी। उत्तरी तमिलनाडु के वन्नियार समुदाय पर पीएमके की अच्छी पकड़ है। पार्टी के ज्यादातर नेता और सदस्य इस समुदाय से आते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications