लीबिया में विरोध प्रदर्शनों में 12 की मौत
समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती के अनुसार मिस्र एवं ट्यूनीशिया के सफल एवं लोकप्रिय विद्रोह से प्रेरित प्रदर्शनकारियों ने मुअमर गद्दाफी के 41 वर्ष के शासन के खिलाफ गुरुवार को 'आक्रोश दिवस' का आह्वान किया था। गद्दाफी पर मानवाधिकार उल्लंघन के आरोप हैं।
समाचार एजेंसी 'अल-अरबिया' ने विपक्ष एवं गैर सरकारी संगठनों की वेबसाइट्स के हवाले से कहा है कि सुरक्षा बलों और रिवोल्यूशनरी कमेटी के सदस्यों ने अल-बैदा शहर में शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसमें छह व्यक्तियों की मौत हो गई।
लेकिन जेनेवा स्थित मानवाधिकार संगठन, ह्यूमन राइट्स सॉलिडरिटी ने मृतकों की संख्या 13 बताई है। अल-बैदा में प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि इमारतों की छतों से कई लोगों ने गोलियां चलाई, जिसमें कम से कम 13 लोग मारे गए।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार उत्तरी मेडिटेरेनियन तट के बेनगाजी में सुरक्षा बलों की कार्रवाई में छह प्रदर्शनकारी मारे गए।
बेनगाजी में मंगलवार देर शाम सैकड़ों प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई थी, जिसमें कम से कम 38 व्यक्ति घायल हो गए थे।
विपक्षी समाचार वेबसाइट 'लीबिया अल-यौम' ने भी कहा है कि उत्तर तटीय शहर दरनाह में गुरुवार को विशाल सरकार विरोधी प्रदर्शन हुए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications