मुबारक की सम्पत्ति जब्त नहीं हुई : यूरोपीय संघ
ईरान के 'प्रेस टीवी' ने मिस्र के दैनिक पत्र 'अल-मसरी अल-यौम' में प्रकाशित एक रपट के हवाले से कहा है कि सूत्र ने नाम न जाहिर करने का अनुरोध करते हुए कहा कि विदेश मंत्रालय द्वारा जारी की गई जब्ती सूची में केवल मिस्र के पूर्व अधिकारियों और मंत्रियों की सम्पत्तियां शामिल हैं।
ब्रिटिश विदेश मंत्री विलियम हेग ने संसद में मंगलवार को कहा कि मिस्र के कई पूर्व अधिकारियों की सम्पत्तियां जब्त करने के लिए उन्हें मिस्र सरकार से एक अनुरोध पत्र प्राप्त हुआ है।
फ्रांस के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता बर्नार्ड वलेरो ने भी इस अनुरोध की पुष्टि की है।
एक रपट के अनुसार अमेरिका के एक वित्त अधिकारी ने कहा है कि मुबारक और उनके परिवार की सम्पत्तियों को ढूढ़ पाना बहुत कठिन है। एक अन्य अधिकारी ने कहा कि केवल अमेरिकी बैंकों में जमा मुबारक की सम्पत्तियों का पता लगाया जा सकता है।
मुबारक के वित्तीय सलाहकारों ने सम्भवत: उनकी पारिवारिक सम्पत्तियों को यूरोपीय बैंकों से खाड़ी क्षेत्र में स्थित संस्थानों में स्थानांतरित कर दिया है, क्योंकि स्विटजरलैंड सरकार ने घोषणा की थी कि वह उनके बैंक खातों को जब्त कर लेगी।
मिस्र में भ्रष्टाचार निरोधी अभियान से जुड़े लोगों ने मुबारक और उनके परिजनों की सम्पत्तियों की जांच करने के लिए गुरुवार को एक लोक अभियोजक को जिम्मेदारी सौंपी।
मुबारक और उनके परिवार के पास 70 अरब डॉलर की सम्पत्ति होने का अनुमान है।
मुबारक पिछले 30 वर्षो से मिस्र की सत्ता पर काबिज थे। लेकिन 18 दिनों के विरोध प्रदर्शन के बाद 11 फरवरी को उन्होंने राष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था।
इस बीच तीन पूर्व मंत्रियों सहित मिस्र के चार पूर्व अधिकारियों को पद का दुरुपयोग करने और आर्थिक धोखाधड़ी करने के आरोप में गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications