हांगकांग पहुंचेगा अमेरिकी नौसेना का जहाज
आरटीएचके रेडियो पर बताया गया है कि अमेरिकी रक्षा मंत्री रॉबर्ट गेट्स की पिछले महीने की बीजिंग यात्रा के बाद अब जापान के योकुसाका स्थित अमेरिका के सातवें बेड़े का यूएसएस ब्लू रिज जहाज हांगकांग की यात्रा करेगा।
बीजिंग ने अमेरिकी नौसेना को पूर्व ब्रिटिश उपनिवेश हांगकांग जाने की इजाजत दे दी है। दरअसल हांगकांग ब्रिटेन का उपनिवेश था, जो 1997 में सम्प्रभु चीन के हवाले कर दिया गया। कूटनीतिक तनावों के चलते अब से पहले यहां अमेरिकी नौसेना को आने की इजाजत नहीं थी।
यह स्पष्ट नहीं है कि यूएसएस ब्लू रिज अपने 1,400 सदस्यीय चालक दल के साथ हांगकांग में कितना समय बिताएगा और चीनी नौसेना या सैन्य अधिकारी उससे कोई सम्पर्क करेंगे अथवा नहीं।
यूएसएस ब्लू रिज ने मार्च में हांगकांग की यात्रा की थी लेकिन उस समय अमेरिकी व चीनी अधिकारियों के बीच कोई मुलाकात नहीं हुई थी। दरअसल ताईवान को अमेरिकी हथियारों की बिक्री के चलते चीन ने अमेरिका के साथ सैन्य सम्बंधों पर रोक लगा दी थी।
नवंबर 2007 में यूएसएस किटी हॉक जहाज को उस पर सवार 8,000 सैनिकों और महिलाओं के साथ हांगकांग से वापस लौटना पड़ा था। चीन ने जहाज के हांगकांग में प्रवेश के लिए किए गए अनुरोध पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications