राजस्थान के चांदपुरा गांव में एसटीएफ तैनात
भरतपुर, 17 फरवरी (आईएएनएस)। राजस्थान के भरतपुर जिले के एक गांव में दो समुदायों के बीच हुई झड़प के दौरान दलित परिवारों के घरों पर पत्थर बरसाए जाने के बाद प्रशासन ने वहां विशेष कार्य बल (एसटीएफ) को तैनात किया है।
चांदपुरा गांव में वर्षो पुराने भूमि विवाद को लेकर दो समुदाय आपस में भिड़ गए। दलित समुदाय के लोगों की बकरी भटकते हुए अन्य समुदाय के लोगों के खेत में चली गई, जिस पर बुधवार को हिंसा भड़क उठी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, "एक समुदाय के लोग दो घंटे तक दलित परिवारों के घरों पर पत्थर बरसाते रहे, जिस कारण एक दर्जन लोग घायल हो गए।"
जानकार सूत्रों ने बताया कि इस घटना के चलते पिछले दो दिन में कई दलित परिवारों ने गांव छोड़ दिया है। सूत्रों ने यह भी कहा कि पत्थरबाजी कुछ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में की गई।
अधिकारी ने कहा, "गांव में एसटीएफ के जवान तैनात कर दिए गए हैं। स्थिति तनावपूर्ण एवं नियंत्रण में है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications