निवेश पर टाटा समूह ने निशंक से की चर्चा
सचिवालय में हुई बैठक के बाद मुख्यमंत्री निशंक ने कहा कि टाटा समूह के सौजन्य से राज्य में 50 हजार रोजगार सृजित किए जा सकते हैं। उन्होंने टाटा समूह द्वारा प्रस्तावित विभिन्न योजनाओं के लिए मुख्य सचिव को सहयोग करने का निर्देश दिया।
उन्होंने टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (टीसीएस) द्वारा सार्वजनिक एवं निजी भागीदारी के आधार पर प्रस्तावित विभिन्न योजनाओं के लिए अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड का युवा मेहनती और प्रतिभाशाली है, ऐसे में यहां आने वाली कम्पनियों को मानव संसाधन की कोई कमी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि टाटा समूह को पर्यटन के साथ ही स्वास्थ्य पर्यटन, टिहरी झील में जल क्रीड़ा और औली में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी योजनाएं प्रस्तुत करनी चाहिए।
टाटा समूह के उपाध्यक्ष ए.एस. पुरी ने मुख्यमंत्री को बताया कि उत्तराखण्ड में टाटा का काम करने का अनुभव अच्छा रहा है।
इससे पूर्व सचिवालय में मुख्य सचिव सुभाष कुमार की अध्यक्षता में टाटा समूह के अधिकारियों और सचिवों के बीच राज्य में निवेश की सम्भावनाओं पर विचार विमर्श हुआ। मुख्य सचिव ने बताया कि औद्योगिक निवेश के क्षेत्र में उत्तराखण्ड देश में सबसे तेजी से उभरता हुआ राज्य है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications