मिस्र में शांति, मगर प्रदर्शनकारियों का जमावड़ा बरकरार
सैनिकों ने तहरीर चौक पर जमें प्रदर्शनकारियों को घेर रखा है और तहरीर चौक पर यातायात बहाल हो गया है।
कतर स्थित टीवी चैनल, अलजजीरा ने रविवार को बताया कि सैनिकों के पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारियों ने "शांति के साथ, शांति के साथ" की आवाज लगाई और कुछ ने सैनिकों का विरोध किया। सैनिकों ने प्रदर्शनकारियों के शिविर हटा दिए।
अशरफ अहमद नामक एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि सेना उनके शिविरों को भले ही नष्ट कर सकती है, लेकिन वे यहां से नहीं हटेंगे "क्योंकि अभी यहां बहुत कुछ किया जाना बाकी है। सेना ने अभी तक कुछ भी लागू नहीं किया है।"
सेना जब प्रदर्शनकारियों की ओर बढ़ी तो प्रदर्शनकारियों के साथ हल्की नोकझोक भी हुई।
कुछ प्रदर्शनकारी सोचते हैं कि अभी तक पर्याप्त रूप में कुछ नहीं किया गया है। वे तब तक तहरीर चौक से नहीं हटना चाहते, जब तक कि सेना किसी असैन्य सरकार को सत्ता नहीं सौंप देती।
विरोध प्रदर्शन के आयोजकों ने चेतावनी दी है कि यदि सर्वोच्च सैन्य परिषद सुधार के उनके एजेंडे को स्वीकार नहीं करती तो वे और रैलियां आयोजित करेंगे।
प्रदर्शनकारियों के एक नेता, सफात हेगाजी ने कहा, "यदि सेना हमारी मांगे पूरी नहीं करती, तो हमारा विद्रोह और तेजी के साथ शुरू होगा।"
प्रदर्शनकारी चाहते हैं कि संसद भंग कर दी जाए और 30 सालों से लागू आपातकाल समाप्त कर दिया जाए।
लेकिन मुबारक के इस्तीफे के बाद से देश की सत्ता पर काबिज सर्वोच्च सैन्य परिषद ने शनिवार को कहा था कि किसी निर्वाचित सरकार को ही सत्ता सौंपी जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications