कलमाडी का एक और क़रीबी गिरफ़्तार

केंद्रीय जाँच ब्यूरो (सीबीआई) ने दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों की आयोजन समिति के पूर्व प्रमुख सुरेश कलमाडी के क़रीबी अधिकारी रह चुके शेखर देवरुखकर को गिरफ़्तार कर लिया है.
शेखर उस समय आयोजन समिति के प्रमुख के विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) थे.
शेखर को पुणे से गिरफ़्तार किया गया है और सीबीआई ने उन्हें हिरासत के लिए शिवाजी नगर कोर्ट में पेश किया है. उन्हें राष्ट्रमंडल खेलों में हुए घोटालों की जाँच के क्रम में गिरफ़्तार किया गया है.
इस साल 24 जनवरी को नए खेल मंत्री ललित माकन ने सुरेश कलमाडी को आयोजन समिति के प्रमुख पद से हटा दिया था. उन्होंने उस समय कहा था कि जाँच स्वतंत्र और निष्पक्ष हों, इसिलए ऐसा किया जा रहा है.
सुरेश कलमाडी के साथ-साथ आयोजन समिति के महासचिव ललित भनोट को भी हटा दिया गया था.
सीबीआई राष्ट्रमंडल खेलों में घाटालों की जाँच कर रही है और उसने कलमाडी से भी पूछताछ की है. कलमाडी के ठिकानों पर सीबीआई ने छापे भी मारे हैं.
शेखर की गिरफ़्तारी इस मामले में चौथी गिरफ़्तारी है.
कलमाडी के सहयोगी रह चुके टीएस दरबारी, एम जयचंद्रन और संजय महिंद्रू को भी गिरफ़्तार किया गया था, लेकिन वे अब ज़मानत पर छूट चुके हैं.
ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि सीबीआई उनके ख़िलाफ़ चार्जशीट दाखिल नहीं कर पाई.












Click it and Unblock the Notifications