आख़िरकार होस्नी मुबारक का इस्तीफ़ा

मिस्र में 18 दिनों तक चले जन प्रदर्शनों के बाद तीस साल तक पद पर रहे होस्नी मुबारक़ ने राष्ट्रपति पद से इस्तीफ़ा दे दिया है.
अब से कुछ देर पहले उपराष्ट्रपति उमर सुलेमान ने सरकारी टेलीविज़न पर यह घोषणा की है और कहा है कि फ़िलहाल राष्ट्रपति का कार्य सैन्य परिषद संभालेगा.
इससे पहले राष्ट्रपति मुबारक काहिरा छोड़कर शर्म अल शेख़ चले गए थे.
इस घोषणा के बाद मिस्र भर ने जश्न का माहौल दिख रहा है.
विपक्षी नेता मोहम्मद अल-बारादेई और यूरोपीय संघ ने मुबारक के इस्तीफ़े पर ख़ुशी ज़ाहिर की है.
मिस्र में विपक्षी दल के नेता मोहम्मद अल-बारादेई ने होस्नी मुबारक के पद छोड़ने को अपने जीवन की सबसे अहम घड़ी बताया है.
क़ाहिरा में उन्होंने कहा, "30 वर्षों के दमन के बाद देश आख़िरकार स्वतंत्र हो गया है."
यूरोपीय संघ के विदेशी नीति की प्रमुख कैथरीन एश्टन ने कहा कि देश में व्यापक जनाधार वाली सरकार के निर्माण के लिए बातचीत शुरू की जानी चाहिए.
उन्होंने कहा है कि यूरोपीय संघ इस मामले में हर तरह की मदद को तैयार है.
गुरुवार को ही सरकारी टेलीविज़न पर दिए अपने संदेश में होस्नी मुबारक ने पद छोड़ने से इनकार कर दिया था.
इसके बाद लाखों नाराज़ लोग फिर सड़कों पर उतर आए और तनाव भरे माहौल में तहरीर चौक के अलावा राष्ट्रपति निवास और सरकारी टेलीविज़न के कार्यालय को घेर लिया था.
कहा जा रहा था कि इस तनाव के माहौल में सेना और जनता के बीच संघर्ष की स्थिति बन सकती है लेकिन पहले मुबारक के काहिरा छोड़कर शर्म अल-शेख़ चले जाने की ख़बर आई और फिर उनके इस्तीफ़े की घोषणा हुई.
इसके बाद सड़कों पर जश्न का माहौल दिखाई देने लगा.
लोग झंडे लहराते, विजय की मुद्रा दिखाते हुए नारे लगाते दिखे.
टेलीविज़न पर दिखाई जा रही तस्वीरों में लोग भावुक होकर रोते हुए, एक दूसरे से गले मिलते और नारे लगाते दिख रहे हैं.
उधर ख़बर आई है कि सत्तारूढ़ पार्टी के महासचिव होसाम बदरावी भी अपने पद से इस्तीफ़ा देने जा रहे हैं.
गुरुवार को होस्नी मुबारक के टेलीविज़न पर दिए गए संदेश से पहले बदरावी ने बीबीसी से कहा था कि राष्ट्रपति मुबारक के लिए सही क़दम पद छोड़ देना ही होगा.
इससे पहले सेना ने आश्वासन दिए थे कि वर्तमान परिस्थितियों के ख़त्म होने के बाद वह सुनिश्चित करेगी कि 30 साल से लागू आपातकालीन क़ानून हटाए जाएँ और लोकतंत्र की स्थापना के लिए स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव हों.












Click it and Unblock the Notifications