मायावती जूता मामला : कैबिनेट सचिव ने कहा डीएसपी ने 'ड्यूटी' निभाई

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री मायावती के जूते साफ कर विवादों में आए उनके मुख्य सुरक्षा अधिकारी (पुलिस उपाधीक्षक) पद्म सिंह का बचाव करते हुए उत्तर प्रदेश के कैबिनेट सचिव शशांक शेखर सिंह ने कहा कि पद्म ने जो कुछ किया वह कोई नया और अनोखा नहीं था। उन्होंने अपनी 'ड्यूटी' निभाई।

लखनऊ में मंगलवार देर रात एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए शशांक शेखर सिंह ने कहा कि पद्म सिंह ने जो किया वह उनकी ड्यूटी में शामिल था।

उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सांसद पी.एल. पुनिया (राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष) ने बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक कांशीराम के जूते उतारे थे। उस समय पुनिया मुख्यमंत्री मायावती के प्रमुख सचिव थे और उनके एवं कांशीराम के साथ सरकारी दौरे पर गए थे।

सिंह ने दावा किया कि मुख्यमंत्री के जूते में कुछ फंसा हुआ था और पद्म उसे हटाने गए थे। यह उनकी ड्यूटी बनती है कि वह हर उस चीज को हटाएं, जिससे मुख्यमंत्री को हानि या चोट पहुंच सकती है।

गौरतलब है कि मंगलवार को कुछ समाचार चैनलों ने मुख्यमंत्री के जूते चमकाने में लगे पद्म सिंह का फुटेज प्रसारित किया था। एक पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारी का मुख्यमंत्री मायावती के जूते साफ करना चर्चा का विषय बन गया। विपक्षी दलों ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने इस घटना की निंदा करते हुए मायावती को 'राजतंत्र का प्रतीक' बताया तो वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी ने इस घटना को मायावती का 'दलित विरोधी दृष्टिकोण' करार दिया है।

समाचार चैनलों के मुताबिक यह वाकया उस समय का है, जब मायावती रविवार को औरैया जिले के नौनकपुर गांव के दौरे पर थीं। मुख्यमंत्री के मुख्य सुरक्षा अधिकारी (पुलिस उपाधीक्षक) पद्म सिंह अपनी जेब से रुमाल निकालकर मायावती के जूते साफ करने लगे।

फुटेज में पद्म सिंह अपनी जेब से रुमाल निकालकर मायावती के जूतों की धूल साफ करते देखे जा रहे हैं, वहीं मायावती इस दौरान अन्य अधिकारियों से बातें करती दिख रही हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों से मायावती जिलों के विकास कार्यो का जायजा लेने के लिए प्रतिदिन दौरे कर रही हैं।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+