मप्र में 3 किसानों ने किया आत्महत्या का प्रयास
भोपाल, 31 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के तीन जिलों में तीन किसानों ने सोमवार को आत्महत्या का प्रयास किया। प्रदेश में पाले से फसल बर्बाद होने से निराश किसानों द्वारा आत्महत्या और जान देने का प्रयास करने का सिलसिला जारी है।
पुलिस के अनुसार जबलपुर के सालीवाडा गांव के किसान रामजी मारावी (28) ने अपने दो बेटों मनीष (8) और मनोज (4) के साथ कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। उन्हें जबलपुर मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मारावी की बिलखती पत्नी चंदा देवी ने कहा, "तीन दिनों से वह सिर्फ यही कह रहे थे कि पाला ने हमारी फसल को बर्बाद कर दिया, अब हमारे पास कुछ नहीं बचा। आज उन्होंने मुझे मजदूरी करने के लिए भेज दिया और बच्चों के साथ खुद भी जहर खा लिया।"
चंदा ने यह भी बताया कि उसके पति पर कर्ज का बोझ नहीं है, लेकिन तीन एकड़ फसल बर्बाद होने के कारण वह अक्सर तनाव में रहता था।
एक अन्य घटना में बीना के मुन्नालाल अहिरवाल ने कीटनाशक पी लिया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं ललिया गांव के फरीद ने भी फसल बर्बाद होने पर अपनी जान देने की कोशिश की। उसके रिश्तेदारों ने बताया कि 30 वर्षीय किसान फरीद की 25 एकड़ में लगी फसल पाले के कारण बर्बाद हो गई। फरीद ने जमींदारों से चार लाख रुपये कर्ज लिया हुआ है।
अधिकारियों के अनुसार मध्य प्रदेश में 15 दिसम्बर, 2010 से लेकर अब तक एक दर्जन किसान आत्महत्या कर चुके हैं और लगभग 36 किसानों ने आत्महत्या का प्रयास किया है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की है कि प्रभावित किसानों के लिए केंद्र सरकार ने यदि राहत पैकेज जारी नहीं किया तो वह 13 फरवरी से भूख हड़ताल करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications