मुख्यमंत्रियों का सम्मेलन मंगलवार को, प्रधानमंत्री करेंगे का उद्घाटन
नई दिल्ली, 31 जनवरी (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह मंगलवार को मुख्यमंत्रियों के सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। सम्मेलन में आंतरिक सुरक्षा पर चर्चा होगी, साथ ही नक्सली हिंसा पर विशेष रूप से रोशनी डाली जाएगी।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम, रक्षा मंत्री ए.के. एंटनी, वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी, गृह राज्य मंत्री गुरुदास कामत एवं मुल्लापल्ली रामाचंद्रन दिनभर विभिन्न सत्रों में चलने वाले इस सम्मेलन में शामिल होंगे।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि वाम उग्रवाद पर एक विशेष सत्र होगा।
सम्मेलन में चर्चा के अन्य प्रमुख मुद्दों में सीमा प्रबंधन, तटीय सुरक्षा, पुलिस सुधार, आर्थिक अपराध तथा आतंकवाद से मुकाबला शामिल हैं।
इसके अलावा पुलिस बलों, खुफिया तंत्र को मजबूत करने तथा अपराध एवं अपराधियों की तलाश के लिए नेटवर्क व प्रणाली को लागू करने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा होगी।
साथ ही पिछले वर्ष सात फरवरी को हुए मुख्यमंत्रियों के सम्मेलन में की गई सिफारिशों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा भी होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications