बिहार के अस्पताल में गोलीबारी, जूनियर चिकित्सक हड़ताल पर (लीड-1)
राज्य में चिकित्सकों को सुरक्षा देने एवं विधायक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर एएनएमसीएच, पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल, नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जूनियर डॉक्टर हड़ताल पर चले गये हैं। इधर, जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन (जेडीए) ने सोमवार को बैठक बुलाई है जिसमें आगे की रणनीति तय की जायेगी।
इसके पूर्व गया के पुलिस अधीक्षक अमित लोढ़ा ने सोमवार को बताया कि राष्ट्रीय जनता दल के विधायक सुरेन्द्र प्रसाद यादव के दोनों सुरक्षाकर्मियों अशोक यादव और अभिनंदन यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा इन्हें निलम्बित भी कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
हड़ताल के कारण मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई मरीज निजी नर्सिग होम्स का रुख करने लगे हैं।
उल्लेखनीय है कि रविवार देर रात एएनएमसीएच के आपातकालीन वार्ड में विधायक के दो सुरक्षाकर्मियों ने गोली चलाई थी जिससे शहाबुद्दीन सुप्रकाश दास तथा विनीत नाम के जूनियर चिकित्सक घायल हो गये थे।
गौरतलब है कि एक महिला अस्पताल में भर्ती थी, जिसे पटना रेफर कर दिया गया था परंतु परिजन उसे नहीं ले जा रहे थे। इसी दौरान रात को विधायक अपने कुछ समर्थकों के साथ वहां पहुंचे और कथित तौर पर चिकित्सकों को खरी खोटी सुनाई। धीरे-धीरे मामला बिगड़ने लगा और इतने में विधायक के सुरक्षाकर्मियों ने गोलीबारी कर दी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications