बिहार के कई अस्पतालों के जूनियर चिकित्सक हड़ताल पर
गया/पटना, 31 जनवरी (आईएएनएस)। बिहार के गया के अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एएनएमसीएच) में रविवार देर रात एक विधायक के दो सुरक्षाकर्मियों द्वारा कथित तौर पर गोलीबारी किए जाने के विरोध में राज्य के कई अस्पतालों में जूनियर डॉक्टर हड़ताल पर चले गये हैं। उधर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
राज्य में चिकित्सकों को सुरक्षा देने एवं विधायक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर एएनएमसीएच, पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल , नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जूनियर डॉक्टर हड़ताल पर चले गये हैं। इस कारण सोमवार सुबह मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई मरीज निजी नर्सिग होम्स रुख करने लगे हैं। इधर, जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन (जेडीए) ने सोमवार को बैठक बुलाई है जिसमें आगे की रणनीति तय की जायेगी।
इसके पूर्व गया के पुलिस अधीक्षक अमित लोढ़ा ने सोमवार को बताया कि राष्ट्रीय जनता दल के विधायक सुरेन्द्र प्रसाद यादव के दोनों सुरक्षाकर्मियों अशोक यादव और अभिनंदन यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा इन्हें निलम्बित भी कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
उल्लेखनीय है कि आरोप है कि रविवार की देर रात एएनएमसीएच के आपातकालीन वार्ड में विधायक के दो सुरक्षाकर्मियों ने गोली चलाई थी जिससे शहाबुद्दीन सुप्रकाश दास तथा विनीत नाम के जूनियर चिकित्सक गोली लगने से घायल हो गये थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications