तमिलनाडु की चिंताओं पर गौर किया जाएगा : प्रधानमंत्री
नई दिल्ली, 31 जनवरी (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.करुणानिधि को आश्वस्त किया है कि उनके द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर केंद्र सरकार गौर करेगी।
करुणानिधि तीन दिन के दिल्ली दौरे पर हैं। करुणानिधि ने सोमवार अपराह्न् प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात की और श्रीलंकाई नौसेना द्वारा की गई भारतीय मछुआरों की हत्या, राष्ट्रीय आपदा राहत कोष से मदद और चेन्नई मेट्रो रेल के विस्तार की मंजूरी देने सम्बंधी मुद्दों को उठाया।
तमिलनाडु सरकार की ओर से यहां जारी एक बयान के अनुसार मनमोहन सिंह ने करुणानिधि को आश्वस्त किया कि मानसूनी बारिश के कारण हुए नुकसान के बाद राहत और मरम्मत कार्यो के लिए राष्ट्रीय आपदा राहत कोष से 1,832 करोड़ रुपये जारी किए जाने के मामले पर केंद्रीय गृह मंत्री पी.चिदम्बरम की अध्यक्षता वाली केंद्रीय उच्चस्तरीय समिति विचार करेगी।
सिंह ने करुणानिधि से यह भी कहा कि वह भारतीय मछुआरों पर हमलों को रोकने और दोनों देशों के बीच सम्बंधों को मजबूत बनाने के लिए भारत-श्रीलंका की समुद्री सीमा पर भारतीय नौसेना और तटरक्षक की तैनाती के लिए रक्षा मंत्री ए.के.एंटनी से बात करेंगे।
बयान के अनुसार प्रधानमंत्री ने संकेत दिया है कि चेन्नई मेट्रो रेल परियोजना को तिरुवोत्रियूर और विमको नगर तक ले जाने को जल्द मंजूरी देने के लिए हर सम्भव कोशिश की जाएगी। सिंह ने कहा कि परियोजना के लिए कोष जारी करने के लिए सरकार जल्द कार्रवाई करेगी।
करुणानिधि ने मुल्लपेरियार में केरल द्वारा प्रस्तावित नए बांध के पर्यावरणीय प्रभाव के अध्ययन के लिए पर्यावरण मंत्रालय द्वारा गठित किए जा रही तकनीकी समिति को लेकर भी राज्य की गहरी चिंता जाहिर की। पर्यावरण मंत्रालय इस समिति का गठन ऐसे समय में कर रहा है, जब इस मामले की सर्वोच्च न्यायालय में पहले से सुनवाई चल रही है।
मनमोहन सिंह ने इस मुद्दे पर भी विचार करने का आश्वासन दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications