श्रीलंका ने भारतीय मछुआरों की हत्या पर जानकारी मांगी
विदेश सचिव निरूपमा राव ने यहां राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे और विदेश मंत्री जी.एल.पेरिज से मुलाकात की। राव ने भारतीय मछुआरों की सुरक्षा एवं कल्याण से सम्बंधित मुद्दों पर भारत की गम्भीर चिंता से श्रीलंकाई नेताओं को अवगत कराया।
राव ने राष्ट्रपति के सचिव ललित वीरतुंगा, रक्षा सचिव सीआर गोताबाया राजपक्षे और विदेश सचिव सी.आर.जयसिंघे से भी मुलाकात की और इन मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
रविवार को समाप्त हुई राव की दो दिवसीय कोलम्बो यात्रा के अंत में जारी संयुक्त बयान में कहा गया कि राव ने चर्चा के दौरान भारत व श्रीलंका के बीच समुद्र में घटी हाल की हिंसक घटना पर भारत सरकार की ओर से गहरी चिंता जाहिर की। इस हिंसक घटना में दो भारतीय मछुआरों की मौत हो गई है।
बयान में कहा गया, "राव ने कहा कि इस घटना की पूरी तरह जांच की जानी चाहिए और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए हर तरह के कदम उठाए जाने चाहिए।"
श्रीलंकाई अधिकारियों ने कहा कि सभी मछुआरों के साथ मानवीय तरीके से पेश आना उनकी नीति में है।
बयान में कहा गया है, "श्रीलंका सरकार इस घटना के पीछे की सच्चाई का पता लगाने के लिए वचनबद्ध है।"
बयान में आगे कहा गया है, "श्रीलंकाई अधिकारियों ने अनुरोध किया है कि भारत इस घटना के बारे में अतिरिक्त जानकारी उपलब्ध कराए।"
दोनों पक्षों ने मछली पकड़ने से सम्बंधित विभिन्न मुद्दों से निपटने के लिए जल्द ही इस विषय पर संयुक्त कार्यकारी समूह की अगली बैठक आयोजित करने का निश्चय किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications