म्यांमार में कड़ी सुरक्षा के बीच संसद की बैठक शुरू
नेपेडा (म्यांमार), 31 जनवरी (आईएएनएस)। म्यांमार में निर्वाचित नई संसद की बैठक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सोमवार सुबह शुरू हो गई।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार म्यांमार की राजधानी, नेपेडा में संसद के विशाल परिसर की ओर जाने वाले मार्गो को अवरोधक खड़ा कर बंद कर दिया गया है। यंगून के उत्तर में 350 किलोमीटर दूर स्थित नेपेडा 2005 से ही म्यांमार की राजधानी है।
सात नवम्बर के चुनाव में निवार्चित हुए सैकड़ों सांसद सुबह 7.15 बजे अपने गेस्ट हाउसेज में तैयार हो गए थे और वे पुलिस सुरक्षा में बस द्वारा संसद परिसर पहुंचे।
संसद के ऊपरी और निचली सदन का पहला सत्र ठीक सुबह 8.55 बजे शुरू हुआ। सत्र की शुरुआत का यह समय सेना प्रमुख सीनियर जनरल थान श्वे ने तय किया था। थान श्वे अंक ज्योतिष में विश्वास रखते हैं।
ज्ञात हो कि म्यांमार में दो दशक के दौरान पिछले नवम्बर में पहली बार चुनाव हुआ था, और वह भी पूरी तरह सुनियोजित तरीके से। उस चुनाव में सैन्य शासन समर्थक, युनियन सॉलिडेरिटी एंड डेवलपमेंट पार्टी (यूएसडीपी) ने संसद के ऊपरी, निचली, और क्षेत्रीय सदनों की 77 प्रतिशत सीटों पर जीत दर्ज कराई थी।
पश्चिमी देशों ने इस चुनाव की निंदा की थी और कहा था कि चुनाव स्वतंत्र व निष्पक्ष नहीं हुए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications