पर्यटन केंद्र बनेगा यूक्रेन स्थित हिटलर का मुख्यालय
समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती के मुताबिक हिटलर के मुख्यालय को एक संग्रहालय का रूप दिया जाएगा। इसका उद्घाटन नौ मई को किया जाना है। इसी दिन दुनिया भर में दहशत फैलाने वाली फासीवादी ताकतों का पत्तन हुआ था।
वेरवूल्फ स्थित हिटलर के इस मुख्यालय में लकड़ी से बने 20 कॉटेजों और बैरकों के अलावा तीन बंकर भी हैं। यह स्थान मध्य यूक्रेन से 12 किलोमीटर उत्तर में विन्नीटसिया में स्थित है।
हिटलर के इस मुख्यालय का निर्माण सितम्बर 1941 में शुरू हुआ था। यह अप्रैल 1942 में बनकर पूरा हो गया था। इसके निर्माण के लिए पूर्व सोवियत संघ के 10,000 से अधिक युद्धबंदियों के अलावा 1000 स्थानीय लोगों को काम पर लगाया गया था। इनमें से 2000 की मौत हो गई थी, जबकि 4000 को गोली मार दिया गया था।
इस क्षेत्र को छोड़ते वक्त नाजियों ने अपने इस मुख्यालय को नष्ट कर दिया था। बाद में इसके भूमिगत हिस्से को सील कर दिया गया था।
विन्नीटसिया के स्थानीय प्रशासन के प्रमुख मायकोला जीगा ने कहा, "हमने हिटलर के वेरवूल्फ स्थित मुख्यालय को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने का फैसला किया है। इसे फासीवादी ताकतों के हाथों मारे गए लोगों के शहीद स्थल के रूप में याद किया जाएगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications