सरकार विदेशों में धन जमा करने वालों के नामों का खुलासा करे : भाजपा
भाजपा के महासचिव रविशंकर प्रसाद ने संवाददाताओं से कहा, "देश की जनता चाहती है कि कम से कम उन लोगों के नाम सार्वजनिक किए जाएं जो आपराधिक और कर सम्बंधी मामलों में आरोपी हैं।"
प्रसाद केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी के उस बयान पर प्रतिक्रिया दे रहे थे जिसमें उन्होंने कहा कि सरकार काले धन के मामले में अंतर्राष्ट्रीय संस्थाओं से प्राप्त नामों का खुलासा करने में कानूनी रूप से लाचार है।
प्रसाद ने कहा, "हम चाहते हैं कि देश की जनता को आश्वस्त करना चाहते हैं कि भाजपा विदेशी बैंकों में जमा काले धन के मुद्दे जोरशोर से उठाती रहेगी। हम इसे संसद और संसद के बाहर उठाते रहेंगे।"
प्रसाद ने कहा, "या तो सरकार के पास इच्छा शक्ति नहीं है या फिर वह मजबूर है, तभी वह गैर कानूनी तरीके विदेशों में धन जमा करने वालों के नाम उजागर नहीं कर रही है।"
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान वर्ष 2009 में पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने इस मुद्दे को उठाया था तब कांग्रेस ने कहा था, "आडवाणी विदेशों में धन जमा करने वालों को सचेत कर रहे हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
