पाकिस्तान: अगवा हिंदू धर्मगुरू का कोई सुराग नहीं
इस्लामाबाद। करीब चार सप्ताह पहले पाकिस्तान के कालत कस्बे से गायब हुए हिंदू धर्मगुरू का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। मीडिया में आई खबरों के मुताबिक धर्म गुरु लक्की चंद गर्जी 82 वर्ष के हैं। 'गर्जी' बलूचिस्तान प्रांत के कालत कस्बे स्थित काली माता मंदिर के 'महाराज' थे। 21 दिसम्बर को 'गर्जी' का हथियारबंद लोगों के एक गिरोह ने क्वेटा-कराची राजमार्ग से अपहरण कर लिया था।
समाचार पत्र 'एक्सप्रेस ट्रिब्यून' के मुताबिक 'गर्जी' पिछले 60 साल से इस मंदिर के महाराज हैं। वह बलूची, हिंदी, सिंध, पर्शियन और ब्राह्वी सहित कई भाषाओं के जानकार हैं। बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री नवाब असलम रैयसानी ने पिछले सप्ताह कालत का दौरा किया था और हिंदू धर्म गुरु को जल्द खोज निकालने का आश्वासन दिया था लेकिन अब तक उनके बारे में कोई जानकारी हासिल नहीं हुई है।
क्वेटा को कराची से जोड़ने वाले राजमार्ग के कालत से मोंगेचर के इलाके में पिछले कुछ सप्ताहों में अपहरण की 22 से ज्यादा घटनाएं हुई हैं। पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज) के अल्पसंख्यक नेता संतोष कुमार सिंह ने 29 दिसम्बर को कहा था कि फिरौती वसूलने के लिए देश में हिंदू समुदाय के लोगों का अपहरण किया जा रहा है। उन्होंने हिंदू धर्म गुरु की जल्द वापसी की मांग की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।













Click it and Unblock the Notifications