4 पत्नियों ने बेवफा पति को पीट-पीट कर मार डाला
ढाका, 22 दिसम्बर। बांग्लादेश में एक आदमी की उसकी चार पत्नियों ने कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। दरअसल इस आदमी की पत्नियों को नहीं पता था कि उनके पति ने इतने विवाह किए हैं। इस्लामिक शरिया कानून एक आदमी को चार पत्नियां रखने की इजाजत देता है लेकिन इसमें उसकी पहले से मौजूद पत्नियों की सहमति भी जरूरी है।
ऑटो रिक्शा चालक 46 वर्षीय यूनुस बेपारी पिछले सोमवार को अपनी दो पत्नियों के साथ गांव के एक मेले में पहुंचा था जहां उसका सामना उसकी तीसरी पत्नी से हो गया। जब ये तीनों महिलाएं आपस में बातचीत कर रही थीं तो उन्हें पता चला कि उसकी चौथी पत्नी भी है।
समाचार पत्र 'न्यू एज' के मुताबिक तीनों महिलाओं को पता चला कि यूनुस की चौथी पत्नी किसी अन्य गांव में रहती है। तीनों महिलाएं यूनुस को कबीरपुर गांव में उसकी चौथी पत्नी के घर ले गईं जहां चारों महिलाओं ने गुस्से में आकर जम कर उसकी पिटाई की।
यूनुस को गम्भीर अवस्था में फरीदपुर मेडीकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई।
आईएएनएस













Click it and Unblock the Notifications