समाजवादी पार्टी में उबाल, मुलायम हुए लाल

विधानसभा चुनाव 2012 जैसे-जैसे करीब आ रहे हैं, वैसे वैसे राज्य के सुस्त पड़े राजनीतिक दल हरकत में आते जा रहे हैं। यहां कांग्रेस और भाजपा के बाद अब सपा भी हरकत में आ गई है। मुलायम सिंह यादव ने बुधवार को पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता में लिप्त एक पूर्व विधायक और आठ जिला पंचायत सदस्यों समेत 11 नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को पार्टी से बेदखल कर दिया है।
सपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी के मुताबिक फिरोजाबाद से पार्टी के पूर्व विधायक हरिओम यादव सहित आठ जिला पंचायत सदस्य एवं अन्य दो को पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण निष्कासित कर दिया गया है।
खबर है कि सपा में राज्य एवं शहर स्तर पर जबर्दस्त गुटबाजी चल रही है। कई नेता सिर्फ सपा के नाम पर रोटियां तोड़ रहे हैं, जिसमें युवा इकाई के नेता भी शामिल हैं। सच पूछिए तो सपा की युवा इकाईयों के पदाधिकारी आज भी मुलायम द्वारा दिए गए कन्या विद्या धन और बेरोजगारी भत्ता से आगे नहीं बढ़ पाए हैं। उनसे जब भी कुछ नया करने की बात पूछें तो जवाब मिलता है, हमने जितना किया है उतना किसी पार्टी ने नहीं किया, कोई भविष्य की योजनाओं पर जवाब नहीं दे पाता है।
सपा की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। विश्वविद्यालयों के छात्रसंघ स्तर पर रहे दिग्गज नेता भी अब बेकार साबित हो रहे हैं। हालांकि अब ये सब ज्यादा दिन तक चलने वाला नहीं है, क्योंकि मुलायम सिंह ने एक-एक कर सभी शहर इकाईयों की समीक्षा शुरू कर दी है। खबर है कि लखनऊ, बलिया, फैजाबाद, मऊ, बाराबंकी और कानपुर इकाई में भी कुछ नेताओं पर जल्द ही गाज गिर सकती है।












Click it and Unblock the Notifications