पटना पुस्तक मेले में युवाओं को लुभा रही 'मुन्नी मोबाइल'
पटना। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान एवं अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा की हाल ही में प्रदर्शित हुई फिल्म 'दबंग' के चर्चित गाने 'मुन्नी बदनाम हुई' के धूम मचाने के बाद अब पटना पुस्तक मेला में एक और 'मुन्नी' ने युवाओं के बीच अपनी जगह बनानी शुरू कर दी है। मेले में प्रदीप सौरभ की पुस्तक 'मुन्नी मोबाइल' युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हो रही है।
पटना में 17वें पुस्तक मेले में इस वर्ष वाणी प्रकाशन की 'मुन्नी मोबाइल' नामक पुस्तक युवाओं को अपनी ओर आकर्षित करने में सफल हो रही है जिसके चलते इस प्रकाशन के स्टॉल पर पाठकों की जबर्दस्त भीड़ देखी जा रही है।
पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में चल रहे पुस्तक मेले में 250 से ज्यादा प्रकाशनों की पुस्तकें 800 से ज्यादा स्टॉलों पर बिक रही हैं। कुछ पाठकों का कहना है कि नाम के कारण यह पुस्तक भले ही हल्केपन का एहसास करा रही है परंतु यह पुस्तक गुजरात के गोधरा कांड जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर लिखी गई है।
स्नातक के छात्र विनीत कुमार ने कहा कि पुस्तक में गोधरा कांड जैसे महत्वपूर्ण विषय का जीवंत वर्णन किया गया है। पुस्तक के नाम और इसके विषय दोनों ऐसे कारण हैं जिसकी वजह से लोग इस पुस्तक को पसंद कर रहे हैं।
इधर, वाणी प्रकाशन के प्रेम किरण भी कहते हैं कि पुस्तक गोधरा कांड, मोबाइल क्रांति, लंदन के अप्रवासी भारतीयों के जीवन के अलावा अन्य कई मुद्दों को केंद्र में रखकर लिखी गई है। वह कहते हैं कि पुस्तक की बिक्री काफी अच्छी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications