CRPF जवान पर 7 लोगों की हत्या का आरोप
हैदराबाद। आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक पूर्व जवान ने कथित तौर पर उन्माद में आकर अपने दो बच्चों सहित सात लोगों की हत्या कर दी। पुलिस अधिकारी से मिली जानकारी के मुताबिक शंकर राव नाम के पूर्व जवान ने वारदात में तलवार, हंसिया और छुरी का इस्तेमाल किया और अपनी नौ साल की बेटी और सात साल के बेटे को भी नहीं बख्शा।
मारे गए लोग अदालत में उसके खिलाफ चल रहे एक मामले में गवाह थे। उक्त पूर्व जवान ने अपने बच्चों के अलावा दो महिलाओं और तीन पुरुषों को भी कथित तौर पर मार डाला। आरोपी ने श्रीकाकुलम जिले के जालूमूर मंडल के मेट्टापेटला गांव में मंगलवार रात से हत्या का सिलसिला शुरू किया और इसे बुधवार सुबह तक जारी रखा।
शंकर वारदात के बाद फरार है। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए एक दल का गठन किया है। उस पर 2005 में अपनी पत्नी की हत्या करने का आरोप है। उसके बच्चे और मारे गए अन्य लोग उनके खिलाफ चल रहे मामले में गवाह थे। शंकर को सीआरपीएफ से बर्खास्त कर दिया गया था।वारदात के दौरान उसने खुद का बनाया देसी बम भी इस्तेमाल किया। बुधवार सुबह घटनास्थल पर पहुंचे पुलिसकर्मियों को सड़कों पर मारे गए लोगों की लाशों के अलावा एक तलवार, एक हंसिया, दो छुरियां और करीब दर्जन भर देसी बम मिले।













Click it and Unblock the Notifications