अमरीका, दक्षिण कोरिया के सैन्य अभ्यास शुरु

उत्तर कोरिया ने कहा है कि संयुक्त सैन्य परीक्षण अमरीका और दक्षिण कोरिया की ओर से उकसाने वाला क़दम है जिसके परिणामों के बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता. चीन ने भी संयुक्त सैन्य अभ्यास की आलोचना की है. लेकिन अमरीका का कहना है कि इस अभ्यास का लक्ष्य बचाव की कार्रवाई करना है और इनकी पिछले हफ़्ते के उत्तर कोरियाई हमले से कई हफ़्ते पहले योजना बनाई गई थी.
इस अभ्यास में परमाणु हथियार और लड़ाकू विमान ले जाने में सक्षम अमरीकी युद्धपोत यूएसएस जॉर्ज वॉशिंगटन समेत कई अमरीकी और कोरियाई नौसैनिक जहाज़ भाग ले रहे हैं. बीबीसी के रक्षा संवाददाता निक चाईल्ड्स के अनुसार, "यह उस क्षेत्र में अमरीका का अपनी मौजूदगी बनाए रखने का एक संकेत है. यह ऐसा क़दम है जिस पर चीन की भी नज़र है."
उनका कहना है, "अमरीका इस 'गनबोट डिप्लोमेसी' का शीत युद्ध के समय से इस्तेमाल करता आया है. दशकों से इसके ज़रिए संदेश दिए जाते रहे हैं. लीबिया को 1980 के दशक में, इराक़ को 1990 के दशक में और चीन-ताईवान तनाव के दौरान 1996 में ऐसा किया गया था." लेकिन बीबीसी संवाददाता ये भी कहते हैं कि ये और बात है कि उत्तर कोरिया को इस क़दम से कोई संदेश मिलता है या नहीं. उनका कहना है कि इसी के साथ ये भी देखने होगा कि अन्य देश इस क़दम पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं.












Click it and Unblock the Notifications