भारत और कनाडा में मुक्त व्यापार समझौते पर बातचीत

भारत के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कनाडा के प्रधानमंत्री स्टीफ़न हार्पर ने सिओल में जी20 देशों के सम्मेलन के दौरान बातचीत कर इस दिशा की ओर अहम क़दम बढ़ाए हैं. अगर ये समझौता हो पाता है तो दोनों देशों के बीच व्यापार दोगुना हो जाएगा.
कनाडा के प्रधानमंत्री स्टीफ़न हार्पर ने भारत के साथ मुक्त व्यापार के लिए शुरू हुई वार्ताओं को 'मील का पत्थर' बताया है. दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के बीच बातचीत के बाद स्टीफ़न हार्पर ने कहा,"मुक्त व्यापार समझौते से दोनों देशों को बहुत फ़ायदा होगा, विशेषकर कनाडाई-भारतीय व्यापारी समुदाय को."
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार मनमोहन सिंह ने स्टीफ़न हार्पर के 2009 में भारतीय दौरे और उनके इस वर्ष जून में कनाडा के दौरे को दोनों देशों में बेहतर होते रिश्तों के लिए अहम क़रार दिया है. मनमोहन सिंह ने कहा, "असैनिक परमाणु ऊर्जा में सहयोग के लिए हुआ समझौता दोनों देशों के बीच बदलते रिश्तों का एक संकेत है."
कनाडा भारत को सब्ज़ियां, खाद, मशीनरी और लकड़ी का गूदा निर्यात करता है. भारत कनाडा को कैमिकल, ऊनी वस्त्र, मूल्यवान रत्न, इलैक्ट्रॉनिक्स, मशीनरी और धातु निर्यात करता है. भारत का फ़िलहाल आसियान और अन्य कुछ व्यापारिक समूहों के साथ मुक्त व्यापार समझौता है.












Click it and Unblock the Notifications