फुटबॉल स्टेडियम में भगदड़ में सात की जान गई

कीनिया में रेड क्रॉस के अधिकारी ने बताया है कि छह लोगों की मौक़े पर ही मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति की मौत अस्पताल में हुई. नैरोबी से आ रही रिपोर्टों के मुताबिक़ इस घटना के बावजूद गोर माहिया और एएफ़सी लियोपार्ड्स के बीच प्रीमियर लीग मैच जारी रहा. कीनियाई प्रीमियर लीग के प्रमुख जैक ओगुडा ने कहा है कि इस मामले की जाँच की जाएगी.
समाचार एजेंसी एपी के साथ बातचीत में ओगुडा ने कहा, "स्टेडियम में घुसने की कोशिश में प्रशंसकों ने स्टेडियम का एक गेट तोड़ दिया. स्टेडियम में कम लोगों को ही एंट्री मिली थी. इस कारण लोग नाराज़ हो गए और जबरन घुसने की कोशिश की." एक प्रत्यक्षदर्शी विक्टर ओपियो ने बताया कि लोग एक-दूसरे पर गिरे हुए थे. वर्ष 2005 में भी इस स्टेडियम में भगदड़ मची थी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी. उस घटना के बाद यहाँ फ़ीफ़ा ने विश्व कप क्वालीफ़ाइंग मैच कराने से मना कर दिया था.












Click it and Unblock the Notifications