कश्मीर में जैश-ए-मोहम्मद का तीसरा आतंकी ढेर

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक "आतंकवादी संगठन जैश के एक कमांडर सहित तीन आतंकवादी इस मुठभेड़ में ढेर हो गए। जिस घर में आतंकवादी छिपे थे, मुठभेड़ में भारी गोलीबारी की वजह से उसे खासा नुकसान पहुंचा है।" जिस घर में आतंकवादी छिपे हुए थे उस घर से तीसरे आतंकवादी ने छलांग लगाकर भागने की कोशिश की, लेकिन उसे पकड़ लिया गया। उसकी पहचान राज्य के निवासी के रूप में हुई है।
मुठभेड़ में मारे गए दो आतंकवादियों की पहचान विदेशी नागरिकों के रूप में हुई है। उनका शव मुठभेड़ में ध्वस्त हुए घर के मलबे से बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार गुरुवार सुबह राष्ट्रीय राइफल्स और विशेष कार्रवाई समूह के जवानों ने मालूरा गांव को घेर लिया। इस गांव में आतंकवादियों के छिपे होने की खबर मिली थी। यह गांव श्रीनगर के लाल चौक से 16 किलोमीटर दूर है। सुरक्षा बलों ने एहतियातन गांव को खाली करा दिया था। इससे पहले राज्य के पुलिस महानिदेशक कुलदीप खोड़ा ने इस बात की पुष्टि की थी गांव के एक मकान में छिपे आतंकवादी जैश-ए-मोहम्मद के हैं।
आतंकवादियों की सटीक स्थिति के बारे में जानने के लिए सेना का एक हेलीकॉप्टर भी लगाया गया था। मुठभेड़ की वजह से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जिस घर में आतंकी छिपे हुए थे सुरक्षा बलों ने उस पर विस्फोट और मोर्टार से हमला किया। पुलिस अधिकारी ने कहा, "आतंकवादियों की योजना श्रीनगर शहर में घुसने की थी और वे किसी आतंकवादी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।"












Click it and Unblock the Notifications