अयोध्या: हिन्दू महासभा ने सुप्रीम कोर्ट में कैवियेट दाखिल की
लखनऊ/नई दिल्ली। अयोध्या में राम मंदिर या मस्जिद बनाए जाने को लेकर विवादित जमीन पर चल रहे विवाद पर इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच के फैसले से असंतुष्ट अखिल भारतीय हिन्दू महासभा ने सुप्रीम कोर्ट में कैवियेट यानी आपत्ति सूचना दायर की है। हिन्दू महासभा को फिलहाल फैसले की प्रमाणित प्रति अभी प्राप्त नहीं हुई, लिहाजा वो सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर नहीं कर सकता। प्रति मिलने के बाद ही याचिका दायर की जाएगी।

ज्ञात हो कि 30 सितंबर को हाई कोर्ट के फैसले में एक तिहाई जमीन हिन्दू पक्ष को, एक तिहाई मुस्लिम पक्ष को और एक तिहाई जमीन निरमोही अखाड़ा को दिये जाने का फैसला किया गया था, जिस पर हिन्दू महासभा असंतुष्ट है।
पढ़ें- अयोध्या विवाद से जुड़ी खबरें
इस पर हिन्दू महासभा ने सुप्रीम कोर्ट में कैवियेट दायर कर मामले की सुनवाई की अपील की है। हालांकि सुन्नी वक्फ बोर्ड भी इस फैसले से असंतुष्ट है, वो भी हर हाल में सुप्रीम कोर्ट जाने की बात कह चुका है।
महासभा की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष कमलेश तिवारी के मुताबिक सुप्रीम कोर्ट में जाने का मुख्य कारण हाई कोर्ट के फैसले के प्रति असंतुष्टि है। तिवारी ने कहा कि कैवियेट यह सुनिश्चित करने के लिये दाखिल की गई है कि अगर कोई पक्षकार इस मुद्दे को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करता है तो हिन्दू महासभा का पक्ष भी सुना जाए।












Click it and Unblock the Notifications