अमेरिकी ड्रोन हमले में 7 आतंकवादी ढेर
इस्लामाबाद। पाकिस्तान में अफगानिस्तान की सीमा के निकट शुक्रवार को अमेरिकी ड्रोन हमले में सात संदिग्ध आतंकवादी मारे गए। उत्तरी वजीरिस्तान के बोया इलाके में तालिबान और अलकायदा आतंकवादियों के एक संदिग्ध ठिकाने को निशाना बनाकर दो मिसाइलें दागी गईं।
एक खुफिया अधिकारी ने बताया, "अमेरिकी ड्रोन से तालिबानी आतंकवादियों के एक ठिकाने को निशाना बनाकर दो मिसाइलें दागी गई। " अधिकारी के मुताबिक इस हमले में सात संदिग्ध आतंकवादी मारे गए और चार घायल हुए हैं। खुफिया विभाग के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि दूसरी मिसाइल उस समय दागी गई जब पहले हमले के बाद लोग मलबे से मृतकों और घायलों को निकालने पहुंचे थे। मृतकों की संख्या में इजाफा हो सकता है।
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान के कबायली क्षेत्र में अमेरिकी सेना ने अपने ड्रोन हमलों को और तेज कर दिया है। इन हमलों में तीन सितम्बर से ही अब तक 150 से अधिक संदिग्ध आतंकवादी मारे जा चुके हैं।



Click it and Unblock the Notifications
