राष्ट्रमंडल खेल : संयुक्त रूप से होगा उद्घाटन (लीड-1)
नई दिल्ली, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रमंडल खेलों के 19वें आयोजन की शुरुआत में केवल दो दिन शेष हैं। इस बीच ब्रिटेन के शाही घराने के वारिस राजकुमार चार्ल्स और भारत की राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील के रविवार, तीन अक्टूबर को संयुक्त रूप से राष्ट्रमंडल खेलों का उद्घाटन करने पर सहमति बन गई है।
चार्ल्स अपनी मां महारानी एलिजाबेथ का प्रतिनिधित्व करेंगे। उद्घाटन के लिए एलिजाबेथ को आना था लेकिन उनके यहां आने में अपनी असमर्थता जताने के बाद उनके बेटे यह शुभारंभ करेंगे।
ब्रिटेन के उच्चायुक्त रिचर्ड स्टैग ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। स्टैग ने कहा, "चार्ल्स समारोह के दौरान राष्ट्रमंडल देशों की प्रमुख महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का संदेश पढ़ेंगे और क्वींस बैटन को ग्रहण करके खेलों की शुरुआत करेंगे।"
उन्होंने कहा, "इसके बाद राष्ट्रपति दिल्ली की ओर से खेलों के शुरू होने की घोषणा करेंगी। राजपरिवार के किसी अन्य सदस्य के लिए खेलों का उद्घाटन करना सामान्य बात है।"
तीन से 14 अक्टूबर तक होने राष्ट्रमंडल खेलों के लिए 71 देशों के 7000 खिलाड़ियों और अधिकारियों के अलावा कई देशों के प्रमुख उद्घाटन समारोह में शिरकत करेंगे। यह समारोह जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications