चिकित्साकर्मियों की संख्या बढ़ाने के प्रयास शुरू : प्रधानमंत्री
राजधानी में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के 38वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा, "देश में चिकित्साकर्मियों की भारी कमी को दूर करने के लिए विभिन्न श्रेणियों के और अधिक स्वास्थ्यकर्मियों की आवश्यकता है।"
उन्होंने कहा, "राज्य सरकारों के चिकित्सा कॉलेजों के सुदृढ़ीकरण और प्रगति के लिए उनमें स्नात्कोत्तर स्तर पर छात्रों की संख्या बढ़ाने के लिए एक नई योजना को स्वीकृति दी गई है। इस योजना के तहत विभिन्न कॉलेजों में स्नातकोत्तर स्तर पर 5,000 अतिरिक्त सीटें जुड़ जाएंगी। यह योजना शैक्षिक सत्र 2012 से लागू होगी।"
उन्होंने यह भी कहा कि एम्स जैसे छह अन्य संस्थानों की स्थापना और विभिन्न चिकित्सा कॉलेजों को सुदृढ़ बनाने का कार्य भी प्रगति पर है।
उन्होंने कहा कि ऐसे जिलों में जहां पहले से कोई नर्सिग कॉलेज नहीं है और जहां स्वास्थ्य की स्थिति बेहतर नहीं है, वहां 269 नर्सिग कॉलेज शुरू करने की एक योजना शुरू की गई है।
सिंह ने कहा कि अच्छी पैरामेडिकल सुविधाओं के लिए पैरामेडिकल साइंसेज का एक राष्ट्रीय संस्थान और नौ क्षेत्रीय संस्थान खोलने के लिए एक योजना को मंजूरी दी गई है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा राज्यों के जिन कॉलेजों में पैरामेडिकल पाठ्यक्रम चल रहे हैं उन्हें भी मदद दी जाएगी।
सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अब भी शिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की कमी है इसलिए इन क्षेत्रों में विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications