अयोध्या में यथास्थिति बहाल रखना केंद्र की जिम्मेदारी: मायावती
लखनऊ, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। अयोध्या मामले में इलाहाबाद उच्च न्यायालय के फैसले के एक दिन बाद उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती ने कहा कि न्यायालय के फैसले के मुताबिक तीन महीने तक विवादित स्थल पर यथास्थिति बनाए रखने की जिम्मेदारी केंद्र सरकार की है।
अपने आधिकारिक आवास पर एक संवाददाता सम्मेलन में मायावती ने कहा, "केंद्र सरकार उच्च न्यायालय के निर्णय को लागू कराएगी। न्यायालय के आदेश के मुताबिक तीन महीने तक यथास्थिति बनाए रखने की जिम्मेदारी केंद्र सरकार की है।"
उन्होंने कहा, "यदि इस दौरान विवादित परिसर में कोई नई गतिविधि होती है तो केंद्र सरकार इसके लिए जिम्मेदार होगी।"
इलाहाबाद उच्च न्यायालय की तीन सदस्यीय खंडपीठ ने गुरुवार को अपने फैसले में कहा था कि विवादित परिसर में जिस गर्भ गृह में रामलला विराजमान हैं वहीं भगवान राम का जन्म स्थान है।
उच्च न्यायालय की लखनऊ खंडपीठ ने अपने फैसले में कहा कि विवादित परिसर के आसपास की जमीन को तीन हिस्सों में बांटा जाएगा और ये हिस्से हिदू, मुस्लिम और निर्मोही अखाड़े के पक्षों को दिए जाएं।
मायावती ने कहा कि इलाके की निगरानी करना केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है।
लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए उन्होंने कहा, "मैं प्रदेश की आम जनता खासकर मुस्लिमों को आश्वस्त करना चाहती हूं कि सुरक्षा को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है, उनहें पूरी सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications