एम्स को विश्व के 10 शीर्ष संस्थानों जैसा बनाएं : मनमोहन
नई दिल्ली, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने शुक्रवार को आह्वान किया कि अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) को ऐसा बनाया जाए कि वह विश्व के 10 शीर्ष चिकित्सा संस्थानों में शुमार हो।
राष्ट्रीय राजधानी में एम्स के 38वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए एम्स की कार्य प्रणाली में बदलाव की जरूरत है।
प्रधामनंत्री ने कहा, "हमें यह लक्ष्य रखना चाहिए कि एम्स को 2020 तक विश्व के 10 बेहतर चिकित्सा विश्वविविद्यालयों में से एक बनाना है। यह आसान नहीं है, लेकिन ऐसा किया जा सकता है। सरकार अपनी ओर से इस दिशा में हर संभव सहयोग करेगी।"
एम्स की कार्य प्रणाली में बदलाव की जरूरत को लेकर हाल ही में वेलियाथन कमेटी की रिपोर्ट में की गई सिफारिशों का समर्थन करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इसके लिए अधिक महत्वाकांक्षी दृष्टिकोण की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा, "जैसा कि आप सभी जानते हैं, वेलियाथन कमेटी ने कुछ मुद्दों पर रोशनी डाली है और कई तथ्य प्रस्तुत किए हैं। मुझे यकीन है कि यह बहुत अच्छी रिपोर्ट है। मैंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद को पिछले वर्ष सुझाव दिया था कि हमें इस बड़े संस्थान को और बेहतर बनाने के लिए एक महत्वाकांक्षी और स्पष्ट दृष्टिकोण अपनाना चाहिए, ताकि इसे नया स्वरूप देने के लक्ष्य तक पहुंचा जा सके।"
वेलियाथन कमेटी ने अन्य सिफारिशों के साथ इस संस्थान को स्वायत्तता प्रदान करने की सिफारिश की है और कहा है कि स्वास्थ्य मंत्रालय के लिए अलग-अलग संस्थानों पर नियंत्रण रखना आसान नहीं होगा।
प्रधानमंत्री ने कहा, "सरकार इन सिफारिशों पर गंभीरता से विचार करेगी और संस्थान के हित में जो भी संभव होगा, किया जाएगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications