अयोध्या फैसले पर गरिमापूर्ण प्रतिक्रिया रही: चिदम्बरम
नई दिल्ली, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। अयोध्या मामले पर इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ पीठ के फैसले के एक दिन बाद केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम ने शुक्रवार को कहा कि सरकार इस बात से खुश है कि फैसले के बाद लोगों ने काफी गरिमापूर्ण और सम्मानजनक प्रतिक्रिया दी है।
अपने मंत्रालय की मासिक प्रगति रिपोर्ट जारी करते हुए चिदम्बरम ने कहा, "पूरे देश में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य और काफी शांतिपूर्ण है। किसी तरह की कोई अप्रिय घटना की खबर नहीं है।"
उन्होंने कहा, "हम इस बात से खुश और संतुष्ट हैं कि लोगों की प्रतिक्रिया गरिमापूर्ण एवं सम्मानजनक रही है।"
उन्होंने कहा कि गुरुवार को फैसले की घोषणा के बाद कांग्रेस कोर समिति और मंत्रिमंडल ने अलग-अलग बैठकें की थीं जिसमें प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने लोगों से शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की थी।
चिदम्बरम ने मीडिया से कहा कि वह फैसले की जरूरत से ज्यादा व्याख्या न करे।
उन्होंने कहा, "टीवी चैनल्स को इस फैसले को कम समय और अखबारों को इसे कम जगह देनी चाहिए। यदि आप इस फैसले की कम से कम व्याख्या करेंगे तो यह काफी मददगार साबित होगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications