सितम्बर में हुंडई की घरेलू बिक्री 14.2 प्रतिशत बढ़ी
नई दिल्ली। देश की दूसरी सबसे बड़ी कार निर्माता कम्पनी हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड (एचएमआईएल) की घरेलू बाजार में कारों की बिक्री सितम्बर महीने में पिछले साल के इसी महीने के मुकाबले 14.2 प्रतिशत बढ़कर 31,751 कारें हो गई।
कम्पनी ने एक बयान में कहा, "सितम्बर महीने में कम्पनी ने घरेलू बाजार में 31,751 कारें बेचीं जबकि पिछले साल के इसी महीने में कम्पनी ने घरेलू बाजार में 27,803 कारें बेचीं थीं। इस महीने कम्पनी के निर्यात में 24.3 प्रतिशत की कमी आई है। कम्पनी ने इस महीने 19,690 कारों का निर्यात किया जबकि पिछले साल के अगस्त महीने में 25,999 कारों का निर्यात किया गया था।"
सितम्बर महीने में कम्पनी की कुल ब्रिकी 51,441 कारें रही है जो कि पिछले साल के इसी महीने की तुलना में 4.4 प्रतिशत कम है। कम्पनी को आई10 का नया मॉडल बाजार में उतारे जाने के बाद बिक्री बढ़ने की उम्मीद है। कम्पनी के निदेशक (विपणन एवं विक्रय) अरविंद सक्सेना ने कहा, "उम्मीद है कि त्योहारी सीजन में मांग बढ़ेगी। नई पीढ़ी की आई10 उतारे जाने के बाद छोटी कारों के सेगमेंट में हमारी मांग बढ़ेगी।"
सितम्बर महीने में ए-2 सेगमेंट में कम्पनी की बिक्री 46,673 कारें और ए-3 सेगमेंट में 4,752 रही। जबकि ए-5 सेगमेंट में कम्पनी ने 16 कारें बेचीं।
अगस्त महीने में कम्पनी ने घरेलू बाजार में कारों की बिक्री में 17.21 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की थी।












Click it and Unblock the Notifications