दक्षिण अमेरिकी और अफ्रीकी देशों को निर्यात होंगे सोनालिका ट्रैक्टर
होशियारपुर, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। सोनालिका ट्रैक्टर बनाने वाली पंजाब स्थित इंटनेशनल ट्रैक्टर लिमिटेड (आईटीएल) दक्षिण अमेरिका और अफ्रीका को अपने ट्रैक्टरों के बड़े बाजार के रूप में देख रही है। कम्पनी इन महाद्वीपों के विभिन्न देशों में अपने ट्रैक्टर और कृषि सेवाओं की विस्तृत श्रंखला उतारने की योजना बना रही है।
आईटीएल के रणनीति एवं कार्पोरेट प्लानिंग प्रमुख अक्षय सांगवान ने आईएएनएस से कहा, "हम दक्षिण अमेरिका को निर्यात के लिए एक बड़े बाजार के रूप में देख रहे हैं। दक्षिण अमेरिका के कई देश कृषि प्रधान हैं। हम यहां बड़े बाजार पर पहुंच बनाने की उम्मीद कर रहे हैं।"
पिछले 15 साल में सोनालिका समूह ने तेजी से विकास किया है। वर्ष 1995 में कृषि उपकरण निर्माता के रूप में उभरने के बाद यह समूह देश के तीन बड़े ट्रैक्टर निर्माताओं में शामिल हुआ। समूह 62 देशों में अपने ट्रैक्टरों का निर्यात कर रहा है।
सांगवान ने कहा, "हम अर्जेटीना, ब्राजील, चिली, इक्वाडोर, पेरू, सूरीनाम, पेराग्वे और बोलीविया के बाजारों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।"
आईटीएल ने ब्राजील की प्रमुख ट्रैक्टर एवं कृषि उपकरण निर्माता कम्पनी एग्रेल से अपने उत्पादों के विक्रय के लिए समझौता किया है।
समूह अर्जेटीना में अपने ट्रैक्टरों की असेंबलिंग की योजना बना रहा है।
वर्ष 1969 में स्थापित हुए इस समूह की थ्रेसर बाजार में 70 प्रतिशत हिस्सेदारी है। समूह ने फ्रांस की रेनॉल्ट और जर्मनी की क्लास से समझौता किया है। इटली के लैंडिनी समूह से भी समझौते की कोशिश की जा रही है।
करीब 50 अरब रुपये की कीमत वाला आईटीएल समूह अब दक्षिण अमेरिका और अफ्रीका में कृषि सेवाओं की विस्तृत श्रंखला उतारने जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications