विरोध प्रदर्शन की घोषणा के बाद कश्मीर में कर्फ्यू
हुर्रियत पार्टी के कट्टरपंथी धड़े के नेता सैयद अली गिलानी ने लोगों से शुक्रवार दोपहर की नमाज के बाद सामान्य जनजीवन बहाल रखते हुए शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अपील की है।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि प्रशासन ने श्रीनगर और अन्य प्रमुख कस्बों में कर्फ्यू लागू कर दिया है।
कर्फ्यूग्रस्त इलाकों में रह रहे श्रीनगर के निवासियों का कहना है कि सरकारी संस्थानों और बैंकों जैसे जरूरी सेवाएं उपलब्ध करवाने वाले प्रतिष्ठानों के कर्मचारियों और स्कूली बच्चों को आने-जाने की इजाजत दी जा रही है।
पुलिस अधिकारी ने कहा, "प्रशासन की कोशिश यह सुनिश्चित करना है कि हिंसा फैलाने वाले लोगों की वजह से आम लोगों को नुकसान न उठाना पड़े।"
बैंक में काम करने वाले 23 वर्षीय परवेज अहमद ने कहा, "मैने अपने लिए कोई कर्फ्यू पास नहीं बनवाया है। मैं अपना पहचान-पत्र दिखाता हूं और वह मुझे आने-जाने की अनुमति दे देते हैं।"
दूसरी ओर ऐसे मामले भी सामने आए है जिनमें सुरक्षा बलों ने कर्फ्यू पास मौजूद होने के बावजूद भी लोगों को कथित रूप से आने-जाने की अनुमति नहीं दी।
एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी के ड्राइवर ने कहा, "मैनें अपना कर्फ्यू पास दिखाया था इसके बावजूद भी उन्होंने मुझे वापस जाने के लिए कह दिया। इसके बाद मैनें अपने अधिकारी को फोन किया तब उन्होंने कुछ पुलिस अधिकारियों से बात करके मुझे जाने की अनुमति दिलवाई।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications