राष्ट्रमंडल खेल: भरतनाट्यम और डांडिया की प्रस्तुति से होगा स्वागत
खेल गांव के मेयर दलबीर सिंह ने बताया, "टीमों के स्वागत समारोह (टीडब्ल्यूसी) के लिए 45 मिनट का एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम के लिए विशेष दल बुलाया गया है।"
उन्होंने आईएएनएस को बताया, "राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लेने वाले सभी 71 देशों के खिलाड़ियों का इसी तरह स्वागत किया जाएगा। दो अक्टूबर को होने वाले स्वागत कार्यक्रम के शुरू होने से पहले सभी तैयारियां वक्त पर पूरी कर ली जाएंगी। हमारे पास कोई विकल्प नहीं है। इस दौरान पांच से लेकर 10 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।"
खेलगांव में खेलों के दौरान लगभग 7000 एथलीट और अधिकारी मौजूद होंगे।
सिंह ने बताया, "इस कार्यक्रम के जरिए देश-विदेश से आए मेहमानों के सामने नृत्य और संगीत के माध्यम से भारत की विविध संस्कृति प्रस्तुत करने की कोशिश की गई है।"
मेयर ने बताया कि खेलगांव में आने वाले एथलीटों और अधिकारियों के लिए मनोरंजन के भी विशेष तौर पर प्रबंध किए गए हैं।
उन्होंने बताया,"खेलगांव में लीजर पुल बनाया गया हैं जहां लोग आराम से बैठ कर मस्ती कर सकते हैं। साथ ही एक बहुत ही शानदार ग्रीन पार्क बनाया गया है जहां लोग सैर कर सकते हैं।"
सिंह ने बताया कि खेलगांव में एक इंटरनेशनल जोन बनाया गया है कि जहां स्नूकर और बिलियर्ड्स के साथ-साथ मनोरंजन के कई अन्य साधन मौजूद हैं। साथ ही यहां एक रेस्तरां खोला गया है जो रात 11 बजे तक खुला रहेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications